31. मैंने अपनी हीन भावनाओं के समाधान का मार्ग पाया

श्याओयी, स्पेन

जब मैं बच्ची थी मेरे माता-पिता अपनी रोजी-रोटी कमाने में व्यस्त रहते थे और उनके पास मेरी देखभाल करने का समय नहीं था, इसलिए उन्होंने मुझे पालन-पोषण के लिए मेरी नानी के घर भेज दिया। यह उस समय की बात है जब परिवार नियोजन जनगणना चल रही थी और चूँकि मेरा नाम नानी के घर में दर्ज नहीं था, इसलिए जुर्माने से बचने के लिए, जब भी गाँव में परिवार नियोजन की जाँच होती तो मेरी नानी मुझे ले जाती थी और कहीं छिपा देती थी। पड़ोसी मेरा मज़ाक उड़ाते थे कि मेरा कोई घरेलू पंजीकरण नहीं है, वे मुझे “बिना पहचान वाली” कहते और कहते कि मैं बिना माँ की बच्ची हूँ। हालाँकि मैं बच्ची ही थी, फिर भी मैं समझ सकती थी कि वे मेरा मज़ाक उड़ा रहे हैं। मुझे बहुत दुख होता था। मैं न तो उनसे मिलना चाहती थी और न ही दूसरे बच्चों के साथ खेलना चाहती थी। ज़्यादातर समय, मैं घर में ही बंद होकर अकेले टीवी देखती रहती, या फिर अपनी नानी के साथ खेलती थी। मेरा बचपन काफी दबा हुआ और नीरस था। बाद में, जब मैं स्कूल जाने की उम्र की हुई, तो मेरे माता-पिता मुझे घर वापस ले आए। चूँकि मैं अंतर्मुखी थी, बात करना पसंद नहीं करती थी और लोगों का अभिवादन भी नहीं करती थी, इसलिए मेरी माँ कहती थी कि मैं मंद हूँ और अपनी छोटी बहन जितनी होशियार नहीं हूँ। मुझे भी लगता था कि मुझमें बहुत कमी है, इसलिए मैं लोगों से बात करने की और भी कम इच्छुक हो गई। धीरे-धीरे, मुझे दूसरों से बात करने में मुश्किल होने लगी, और दूसरों से बात करते समय, मुझे समझ नहीं आता था कि क्या कहूँ या बातचीत कैसे शुरू करूँ। कभी-कभी मेरे मन में कुछ बातें और विचार होते थे जिन्हें मैं व्यक्त करना चाहती थी, लेकिन जब मैं बोलती, तो घबराहट और डर के कारण मैं बड़बड़ाने लगती थी। खासकर जब मैं बड़े समूहों में अपरिचित लोगों से बात करती, तो मैं इतनी घबरा जाती थी कि मेरा चेहरा लाल हो जाता था। इसलिए जब भी घर पर रिश्तेदार आते या मुझे किसी दावत में जाना होता, तो मैं हमेशा बचने की कोशिश करती, और अगर मैं मना नहीं कर पाती थी तो बस एक कोने में चुपचाप बैठ जाती थी और दूसरों को हँसते-बोलते देखती रहती थी।

परमेश्वर को पा लेने के बाद भी मैं ऐसी ही थी। मुझे एक बार एक सभा की याद है, मैंने देखा कि उसमें 50 या 60 लोग शामिल हुए हैं। मैं तुरंत सहम गई, और इतने सारे लोगों के बीच, मैंने बोलने की हिम्मत नहीं की। मैं अपनी बात ठीक से कह नहीं पाती थी, इसलिए मुझे लगा कि अगर मैं अस्पष्ट रूप से बोलूँगी या दूसरे समझ नहीं पाएँगे, तो यह बहुत अजीब और शर्मनाक होगा। इसलिए हर बार जब पर्यवेक्षक मुझसे संगति करने के लिए कहता था तो मैं चुप रहकर बस सुनती रहती थी। कभी-कभी जब मैं भाई-बहनों के साथ पेशेवर कौशलों का अध्ययन करती थी तो पर्यवेक्षक हमसे अपने-अपने विचार साझा करने के लिए कहता था और मैं घबराए बिना रह नहीं पाती थी और संगति करने की हिम्मत नहीं कर पाती थी, मुझे डर लगता था कि मैं स्पष्ट रूप से नहीं बोल पाऊँगी। कुछ बार, पर्यवेक्षक द्वारा पुकारे जाने के बाद मेरे पास संगति करने के अलावा कोई चारा नहीं होता था और संगति करते समय, मैं इतनी घबरा जाती थी कि मेरी आवाज़ बदल जाती थी, और जितना मैं बोलती, मेरा चेहरा उतना ही गर्म होता जाता था। अंत में, मैं स्पष्ट रूप से नहीं बोल पाती थी और बहुत शर्मिंदा महसूस करती थी। मैंने सोचा, “मैं इतनी बेकार क्यों हूँ? मैं सिर्फ अपने विचार ही तो बता रही हूँ, तो यह इतना मुश्किल और घबराहट भरा क्यों है? मैं ठीक से बोल भी नहीं सकती, मैं कैसी मूर्ख हूँ!” अपनी सहयोगी बहनों को इतने सहज और धाराप्रवाह ढंग से संगति करते देखकर मुझे बहुत ईर्ष्या होती थी, “मुझमें ऐसा आत्मविश्वास और साहस क्यों नहीं है? मेरे लिए बोलना या अपने विचार व्यक्त करना इतना मुश्किल क्यों है?” बाद में पर्यवेक्षक ने मुझे एक टीम अगुआ बना दिया। मैंने मन में सोचा, “मैं अंतर्मुखी हूँ और वाक्पटु नहीं हूँ और जब बहुत सारे लोग होते हैं तो मैं बोलने की हिम्मत नहीं करती हूँ। अगर भाई-बहनों के पास सवाल हुए और मैं उन्हें स्पष्ट रूप से जवाब नहीं दे पाई तो क्या होगा? क्या यह शर्मिंदगी भरा नहीं होगा?” मैं बस यह चाहती थी कि पर्यवेक्षक किसी और को ढूँढ़ लें और मैं चुपचाप एक टीम सदस्य बनी रहूँ तो बेहतर है। लेकिन मुझे डर था कि अगर मैंने कर्तव्य अस्वीकार कर दिया तो पर्यवेक्षक मेरे बारे में गलत सोचेगा, इसलिए मैंने वह विचार छोड़ दिया। बाद में भाई-बहनों के काम के बारे में पूछताछ करते समय भी मैं डरी रहती थी, और जब वे मुझसे सवाल पूछते, तो मैं हमेशा चाहती थी कि दूसरे जवाब दें, क्योंकि मुझे डर था कि मैं बातें स्पष्ट रूप से नहीं समझा पाऊँगी या उनकी समस्याओं का समाधान नहीं कर पाऊँगी। जब मैं इससे बच नहीं पाती, तो मैं खुद को मज़बूर करके कुछ शब्द कह देती, लेकिन मैं फिर भी बहुत घबराई रहती थी। खुद को इस तरह देखकर मैं बहुत कुंठित महसूस करती थी और मैंने एहसास किया कि यह दशा दूसरों के साथ मेरे सामान्य बोलचाल और मेरी कर्तव्य निभाने की क्षमता को गंभीर रूप से प्रभावित कर रही थी। अगर मैंने इसे जल्द ही नहीं बदला, तो मैं अपने कर्तव्यों में अधिकाधिक निष्क्रिय होती जाऊँगी और इससे निश्चित रूप से काम में देरी होगी। इसलिए मैंने अपने मसलों का समाधान करने के लिए सचेत होकर सत्य खोजा।

एक दिन, मैंने परमेश्वर के वचनों का एक अंश पढ़ा जो ठीक मेरी दशा से संबंधित था। परमेश्वर कहता है : “चाहे जो भी हालात हो, जब किसी कायर इंसान का किसी कठिनाई से सामना होता है, वह पीछे हट जाता है। वह ऐसा क्यों करता है? एक तो यह उसकी हीनभावना के कारण होता है। चूँकि वह हीन महसूस करते हैं और लोगों के सामने जाने की हिम्मत नहीं करता, वह वे दायित्व और जिम्मेदारियाँ भी नहीं उठा सकता जो उसे उठानी चाहिए, न ही वह उस बोझ को अपने कंधों पर ले सकता है जो वह वास्तव में अपनी क्षमता और काबिलियत के दायरे में और एक सामान्य व्यक्ति के रूप में अनुभव के दायरे में रहकर उठाने में सक्षम है। यह हीनता का भाव उसकी मानवता के हर पहलू को प्रभावित करता है, यह उसके चरित्र को प्रभावित करता है और यकीनन यह उसके व्यक्तित्व को भी प्रभावित करता है। लोगों के एक समूह में, ऐसे लोग विरले ही अपने विचार व्यक्त करते हैं और तुम शायद ही कभी उन्हें अपने दृष्टिकोण या राय व्यक्त करते हुए सुनते हो। जब उनका सामना किसी मसले से होता है तो वे बोलने की हिम्मत नहीं करते, बल्कि खुद को सिकोड़ लेते हैं और पीछे हट जाते हैं। केवल थोड़े-से लोगों के बीच तो वे बैठने का साहस जुटा पाते हैं, लेकिन जब ज्यादा लोग होते हैं, तो वे किसी कोने में और किसी धुंधली जगह पर दुबक जाते हैं, दूसरे लोगों के सामने आने की हिम्मत नहीं करते। जब कभी वे यह दिखाने के लिए कि उनकी सोच सही है, सक्रिय रूप से कुछ कहना और अपने विचार और राय व्यक्त करना चाहते हैं, तब उनमें ऐसा करने की भी हिम्मत नहीं होती। जब कभी उनके मन में ऐसे विचार आते हैं, उनकी हीनभावना एक ही बार में उफन पड़ती है, उन पर नियंत्रण कर उन्हें दबा देती है और कहती है, ‘कुछ मत कहो, तुम किसी काम के नहीं हो। अपने विचार व्यक्त मत करो, अपने तक ही रखो। अगर तुम सचमुच अपने दिल की कोई बात कहना चाहते हो, तो कंप्यूटर पर लिखकर उस बारे में खुद ही मनन करो। तुम्हें इस बारे में किसी और को जानने नहीं देना चाहिए। तुमने कुछ गलत कह दिया तो क्या होगा? यह बड़ी शर्मिंदगी की बात होगी!’ यह आवाज तुमसे कहती रहती है, यह मत करो, वह मत करो, यह मत बोलो, वह मत बोलो, जिस वजह से तुम्हें अपनी हर बात निगलनी पड़ती है। हो सकता है कि कोई ऐसी बात हो जिसे तुमने अपने दिल में लंबे समय से घुमाया हो, लेकिन जब बोलने का समय आता है, तो तुम पीछे हट जाते हो, उसे कहने की हिम्मत नहीं करते, बोलने में शर्म महसूस करते हो और महसूस करते हो कि यह कुछ ऐसा है जो तुम्हें नहीं करना चाहिए, ऐसा करना किसी नियम का उल्लंघन करने या कानून तोड़ने जैसा होगा। और जब एक दिन तुम सक्रिय रूप से अपना दृष्टिकोण व्यक्त करते हो, तो भीतर गहरे में तुम अतुलनीय रूप से परेशान और असहज महसूस करते हो। यद्यपि यह अद्वितीय असहजता की भावना धीरे-धीरे फीकी पड़ जाती है, तुम्हारी हीनता की भावना धीरे-धीरे उन विचारों, इरादों और योजनाओं को दबा देती है जो तुम्हारे पास बोलने, अपने विचारों को व्यक्त करने, एक सामान्य व्यक्ति बनने और हर किसी की तरह बनने की इच्छा के लिए हैं। जो लोग तुम्हें वास्तव में नहीं जानते, वे मानते हैं कि तुम कम बोलने वाले व्यक्ति हो, तुम शांत हो, तुम्हारा व्यक्तित्व शर्मीला है, तुम ऐसे व्यक्ति हो जो भीड़ से अलग दिखना पसंद नहीं करता, तुम शर्म महसूस करते हो और बहुत-से दूसरे लोगों के सामने बोलते समय तुम्हारा चेहरा लाल हो जाता है और यह कि तुम अपेक्षाकृत अंतर्मुखी हो। वास्तव में, केवल तुम ही जानते हो कि तुम हीन महसूस करते हो। ... यद्यपि इस भावना को एक भ्रष्ट स्वभाव नहीं कहा जा सकता, इसने पहले ही लोगों पर एक गंभीर नकारात्मक प्रभाव डाला है; यह उनकी मानवता को क्रूरता से दबाता है और उनकी सामान्य मानवता की विभिन्न भावनाओं और कथनी-करनी पर एक बड़ा नकारात्मक प्रभाव डालता है। ये परिणाम बहुत गंभीर हैं। छोटे पैमाने पर, यह उनके व्यक्तित्व, उनकी पसंद और उनकी महत्वाकांक्षाओं को प्रभावित करता है; बड़े पैमाने पर, यह उनके जीवन के लक्ष्यों और दिशा को प्रभावित करता है। इस हीनता की भावना के कारणों से, इसके विकसित होने से और जो परिणाम यह व्यक्ति के लिए लाता है उससे, तुम जिस भी पहलू से इसे देखो, क्या यह कुछ ऐसा नहीं है जिसे लोगों को छोड़ देना चाहिए? (हाँ।)” (वचन, खंड 6, सत्य के अनुसरण के बारे में, सत्य का अनुसरण कैसे करें (1))। परमेश्वर के वचन पढ़ने के बाद मुझे एहसास हुआ कि मैं वास्तव में हीन महसूस करती हूँ। परमेश्वर ने हीन भावना की जिस दशा और अभिव्यक्तियों को उजागर किया था वे सब मुझमें दिखती थीं। मेरा दिल हीनता की भावनाओं से बँधा हुआ था, और मुझे हमेशा लगता था कि मैं कई मायनों में अच्छी नहीं हूँ। लोगों से मिलते-जुलते समय जब बहुत सारे लोग होते थे तो मैं बोलने से डरती थी या मैं एक कोने में छिप जाती थी और चुप रहती थी। अपने कर्तव्यों में, जब भी मुझे अपने विचार व्यक्त करने की ज़रूरत होती थी तो मैं न चाहते हुए भी घबरा जाती थी और मेरे विचार इस बारे में नहीं होते थे कि अपने कर्तव्य अच्छे से निभाने के लिए हर एक के साथ कैसे सहयोग करूँ बल्कि, मुझे लगता था कि मेरा भाषाई कौशल पर्याप्त नहीं है, मैं पते की बात नहीं करती हूँ और मैं चाहती थी कि दूसरे ही संगति करें। जब कुछ मुद्दों पर मेरी कोई राय या विचार होते, तो मैं हिचकिचाती रहती, सोचती, “मुझे बोलना चाहिए या नहीं? क्या मेरी राय सही है? क्या दूसरे मुझसे सहमत होंगे? छोड़ो भी, बेहतर है मैं न ही बोलूँ। बस दूसरों के दृष्टिकोण सुनना ही सबसे अच्छा है।” मैं अक्सर इन विचारों से प्रभावित रहती थी, मानो मेरा मुँह सिल गया हो और गला अवरुद्ध हो गया हो, जिस कारण मैं बहुत-सी स्थितियों में अपने दृष्टिकोण और पक्ष नहीं रख पाती थी। पर्यवेक्षक ने मुझसे एक टीम अगुआ बनने को कहा और मैं जानती थी कि यह कर्तव्य ले चुकने के बाद मुझे अपनी जिम्मेदारियाँ पूरी करनी चाहिए, लेकिन हर बार जब मुझे कार्य के बारे में पूछना होता था तो मेरे मुँह से शब्द नहीं निकल पाते थे, मुझे यह चिंता होती थी कि मैं बातें स्पष्ट रूप से नहीं समझा पाऊँगी और दूसरे समझेंगे नहीं। यह वास्तव में लज्जाजनक होगा! इसलिए मैं हमेशा यह चाहती थी कि भाई-बहनों के सवालों के जवाब कोई बेहतर वक्ता दे और मैं बगल में बस सुनती रहूँ और हामी भरती रहूँ। नतीजतन, मैं अपनी वे जिम्मेदारियाँ पूरी नहीं कर सकी जो मुझे करनी चाहिए थीं, और मैं अपने कर्तव्यों में और भी निष्क्रिय होती गई। हीनता की इस नकारात्मक भावना का मुझ पर वास्तव में बहुत बड़ा प्रभाव पड़ा, जिससे मैं और भी डरपोक और निष्क्रिय हो गई, और यहाँ तक कि दूसरों के साथ सामान्य रूप से संवाद भी नहीं कर पाती थी। मैंने अपनी जिम्मेदारी की भावना और आगे बढ़ने का जज़्बा खो दिया, और मैंने अधिकाधिक अपने बारे में नकारात्मक रूप से राय बनाई और अपने बारे में फैसले दिए और मेरी पीछे हटने की इच्छा और बलवती होती गई। मैंने देखा कि हीनता की इन भावनाओं से बँधे और विवश होकर जीना कैसा पीड़ादायक था।

इसके बाद मैंने इस मसले के समाधान खोजे, मैंने परमेश्वर के वचन पढ़े : “सतह पर तो हीनभावना एक भावना है जो लोगों में अभिव्यक्त होती है; लेकिन दरअसल इसका मूल कारण शैतान की भ्रष्टता, लोगों के जीवन का परिवेश, और लोगों के अपने वस्तुनिष्ठ कारण हैं। पूरी मानवजाति उस शैतान की शक्ति के अधीन है, शैतान द्वारा गहराई से भ्रष्ट की जा चुकी है और कोई भी अपने बच्चों को सत्य के अनुसार और परमेश्वर के वचनों के अनुसार शिक्षित नहीं करता; इसके बजाय, लोग ऐसा शैतान से आई चीजों के अनुसार करते हैं। इसलिए, लोगों के स्वभावों और सार को भ्रष्ट करने के अलावा अगली पीढ़ी और पूरी मानवजाति को शैतान की चीजों का उपयोग करके शिक्षित करने का परिणाम यह है कि इससे लोगों में नकारात्मक भावनाएँ पैदा होती हैं। यदि पैदा हुई नकारात्मक भावनाएँ अस्थाई हों, तो उनका व्यक्ति के जीवन पर कोई बड़ा असर नहीं होगा। लेकिन यदि नकारात्मक भावना व्यक्ति के अंतरतम और आत्मा में गहरे पैठ जाए और अमिट रूप से चिपक जाए, वह इसे भुलाने या इससे छुटकारा पाने में पूरी तरह असमर्थ हो जाए, तो यह उस व्यक्ति द्वारा किए जाने वाले सभी तरह के चुनावों को अनिवार्य रूप से प्रभावित करेगी; साथ ही, यह हर प्रकार के लोगों, घटनाओं और चीजों से पेश आने के तरीके, सिद्धांत के प्रमुख मामलों से सामना होने पर विकल्प चुनने और जीवन में उसके द्वारा अपनाए जाने वाले मार्ग को अनिवार्य रूप से प्रभावित करेगी—यह है वह वास्तविक प्रभाव जो मानव समाज प्रत्येक व्यक्ति पर डालता है। दूसरा पहलू है लोगों के अपने वस्तुनिष्ठ कारण। यानी, बड़े होते समय लोगों द्वारा प्राप्त शिक्षा और सीख, उनकी हर सोच और विचार के साथ-साथ वे आचरण के जो तरीके स्वीकारते हैं, और साथ ही विभिन्न इंसानी कहावतें, सब कुछ शैतान से ही आते हैं, ताकि लोगों का जिन मसलों से सामना होता है, उनसे सही परिप्रेक्ष्य और दृष्टिकोण से निपटने और हल करने की क्षमता उनमें न हो। इसलिए अनजाने में ही इस कठोर परिवेश के प्रभाव में और इससे उत्पीड़ित और नियंत्रित होते हुए मनुष्य न चाहकर भी विभिन्न नकारात्मक भावनाएँ विकसित कर लेता है, जैसे कि हीनता की भावना; और इनका इस्तेमाल उन समस्याओं के खिलाफ लड़ने की कोशिश में करता है जिन्हें हल करने, बदलने या दूर करने की कोई भी क्षमता उसमें नहीं है। मान लो कि तुम्हारे माता-पिता, शिक्षकों, तुम्हारे बड़े-बुजुर्गों और तुम्हारे आसपास के दूसरे लोगों के पास तुम्हारी काबिलियत, मानवता और चरित्र का एक अवास्तविक आकलन होता है, और अंततः यह तुम्हारे साथ जो करता है वह है तुम पर हमला, तुम्हारा दमन, तुम्हारा दम घोटना, तुम्हें जंजीर में जकड़ना और तुम्हें बाँधना। आखिर में जब तुममें प्रतिरोध करने की कोई क्षमता नहीं होती है तो तुम्हारे पास एक ऐसा जीवन चुनने के सिवा कोई और विकल्प नहीं बचता कि तुम खामोशी से अपनी शिकायतों का कड़वा घूँट पीते रहो, इस प्रकार की अनुचित और अन्यायपूर्ण वास्तविकता को अनिच्छा से स्वीकार करना और खामोशी से सहन करना चुनो। जब तुम इस वास्तविकता को स्वीकार करते हो तो आखिरकार तुममें जो भावना पैदा होती है, वह खुशी, संतुष्टि वाली या कुछ सकारात्मक या उन्नतिशील नहीं होती है; मानव जीवन के सटीक और सही लक्ष्यों का अनुसरण करना तो दूर रहा, तुम और अधिक अभिप्रेरणा और दिशा की व्यापक भावना के साथ भी नहीं जीते, बल्कि तुम्हारे भीतर एक गहन हीनता का भाव पैदा हो जाता है। जब तुममें यह भावना पैदा होती है तो तुम्हें लगता है कि तुम लाचार हो। जब तुम्हारा सामना किसी ऐसे मसले से होता है जिस पर तुमसे दृष्टिकोण व्यक्त करने की अपेक्षा की जाती है तो तुम अपने अंतरतम में न जाने कितनी बार विचार करोगे कि तुम क्या कहना चाहते हो और कौन-सा दृष्टिकोण व्यक्त करना चाहते हो, फिर भी तुम इसे खुलकर बोलने का साहस नहीं जुटा पाओगे। जब कोई ठीक वही दृष्टिकोण व्यक्त कर देता है जो तुम्हारा है, तो तुम अपने दिल में बस एक पुष्टि महसूस करते हो—यह पुष्टि कि तुम दूसरे लोगों से बदतर नहीं हो। लेकिन जब वही स्थिति दोबारा आती है, तो तुम अभी भी खुद से कहते हो, ‘मैं लापरवाही से नहीं बोल सकता, आगे बढ़कर कदम नहीं उठा सकता या खुद को हँसी का पात्र नहीं बना सकता। मैं किसी काम का नहीं हूँ, बेवकूफ हूँ, मूर्ख हूँ, जड़बुद्धि हूँ। मुझे छिपना सीखने की जरूरत है; मुझे बस सुनना है, बोलना नहीं।’ इससे हम देख सकते हैं कि हीनता का भाव पैदा होने के बिंदु से लेकर उसके व्यक्ति के अंतरतम में गहराई से पैठने तक उस व्यक्ति को अपनी स्वतंत्र इच्छा और परमेश्वर द्वारा दिए गए वैध अधिकारों से वंचित किया गया है, है न? (हाँ।) क्या इस तरह से उसे इन चीजों से वंचित कर दिया गया है(वचन, खंड 6, सत्य के अनुसरण के बारे में, सत्य का अनुसरण कैसे करें (1))। परमेश्वर के वचन पढ़ने के बाद मैं यह चिंतन करने लगी कि मैं क्यों इतनी डरपोक हूँ और मुझमें हीनता की ऐसी भावनाएँ क्यों हैं और मैं अपने अतीत के बारे में सोचे बिना नहीं रह सकी। जब मैं छोटी थी तो परिवार नियोजन की जनगणना से बचने के लिए मेरा पालन-पोषण मेरी नानी के घर पर हुआ और मुझे अक्सर अपनी नानी के साथ भागना और छिपना पड़ता था। इसका मेरे दिल पर बुरा असर पड़ा और मैं सचमुच डरपोक बन गई। चूँकि मेरे माता-पिता आस-पास नहीं थे, पड़ोस की एक चाची मुझे “बिना पहचान वाली” कहकर मेरा मज़ाक उड़ाती थी और मेरी उम्र के बच्चे भी मुझे बिना माँ की बच्ची कहकर चिढ़ाते थे। ऐसा लगता था जैसे मैं एक धूसर, धूपविहीन आसमान तले जी रही हूँ और मैं बहुत अकेला और दबा हुआ महसूस करती थी, सोचती थी कि मैं दूसरे बच्चों से अलग हूँ। उनके पास उनके माता और पिता दोनों होते थे, लेकिन मेरे पास नहीं। यह सब होने पर मैं बाहर जाना पसंद नहीं करती थी, मैं लोगों से मिलने से डरती थी और मैं अधिकाधिक चुप रहने वाली बन गई। स्कूल जाना शुरू करने के बाद चूँकि मैं डरपोक थी और मुझमें सुरक्षा की भावना की कमी थी, इसलिए मैं छुट्टी के दौरान अपने सहपाठियों से शायद ही कभी बात करती थी। मैं उन्हें कक्षा के बाद बातें करते, हँसते और खेलते हुए देखती, लेकिन मैं केवल उन्हें देख और उनसे जल सकती थी, हमेशा यह महसूस करती थी कि मैं उनसे अलग हूँ। एक अनुभव जिसने मुझ पर गहरी छाप छोड़ी, वह एक चीनी भाषा की कक्षा के दौरान हुआ। चूँकि एक सवाल का जवाब देते समय मेरी आवाज़ बहुत धीमी थी, तो शिक्षिका ने व्यंग्यात्मक ढंग से कहा, “मुझे तुम्हारे लिए एक मेगाफोन लाना पड़ेगा,” और जैसे ही उन्होंने यह कहा, पूरी कक्षा ठहाके लगाकर हँस पड़ी। उस पल, मुझे लगा कि मैं पूरी कक्षा के लिए मज़ाक का पात्र बन गई हूँ, और मैं बस अपना चेहरा छिपाना चाहती थी। मेरे औसत अंकों और शिक्षिका की नापसंदगी के कारण और फिर इस तरह मज़ाक उड़ाए जाने के बाद मेरे आत्म-सम्मान को गंभीर चोट पहुँची। जब मैं अपने माता-पिता के घर लौटी तो मैंने देखा कि वे अक्सर झगड़ते थे और मैं और भी ज़्यादा दबा हुआ और अकेला महसूस करने लगी। चूँकि मैं लंबे समय तक इस भावनात्मक दशा में फँसी रही, इसलिए मुझे बहुत-से विचारों और भावनाओं को खुद दिल में दबाना पड़ता था। चूँकि मैं हमेशा चुप रहती थी और लोगों या स्थितियों को सँभालते समय अजीब लगती थी, तो मेरे माता-पिता मुझ पर गुस्सा होते और बेबस हो जाते, और मुझसे कहते : “क्या तुम मूर्ख हो? तुम तो ठीक से बोल भी नहीं सकती हो, तुम्हारी जुबान कहाँ अटक जाती है!” समय के साथ, मैं यह मानने लगी कि मैं किसी काम की नहीं हूँ और मैं बोलने में अच्छी नहीं हूँ, और ये मूल्यांकन मुझ पर एक ठप्पे की तरह चिपक गए, जिससे मेरे अंदर हीन भावना ने पक्की जड़ जमा ली। यहाँ तक कि जब मुझे अपने कर्तव्यों में अपने दृष्टिकोण व्यक्त करने की जरूरत होती थी, तो मेरे पास स्पष्ट राय और विचार होते थे, लेकिन मैं बोलने से बहुत डरती थी, हमेशा इस बात से डरती थी कि मेरी बातें अनुपयुक्त हो सकती हैं और इसलिए उन्हें अस्वीकार कर दिया जाएगा, जिससे मैं और भी बुरी दिखूँगी। लेकिन असल में, बाद में मेरे बहुत सारे दृष्टिकोण और सुझाव उपयुक्त और विचार करने योग्य साबित हुए। इन बातों पर विचार करने पर, मैं अपनी हीनता की भावनाओं के कारणों को और अधिक स्पष्ट रूप से समझने लगी। बाहरी परिस्थितियों के प्रभाव के कारण, मैंने अपने बारे में लगातार नकारात्मक रूप से राय बनाई थी और फैसले दिए थे, और समय के साथ, मैंने अपनी पहल खो दी, और दूसरों के साथ बातचीत करने और अपना कर्तव्य निभाने, दोनों ही मामलों में मैं और ज़्यादा निष्क्रिय और डरपोक होती चली गई।

फिर मैंने अपनी खोज जारी रखी और मैंने परमेश्वर के वचन पढ़े : “तुममें हीनभावना का भाव किसी भी स्थिति के कारण, या किसी भी व्यक्ति या घटना के कारण पैदा हुआ हो, तुम्हें अपनी काबिलियत, खूबियों, प्रतिभाओं और अपने चरित्र की सही समझ होनी चाहिए। हीन महसूस करना सही नहीं है, न ही श्रेष्ठ महसूस करना सही है—ये दोनों ही नकारात्मक भावनाएँ हैं। हीनभावना तुम्हारे कार्यों, तुम्हारी सोच को बाँध सकती है, तुम्हारे विचारों और दृष्टिकोण को प्रभावित कर सकती है। इसी तरह, श्रेष्ठता की भावना का भी एक नकारात्मक प्रभाव होता है। इसलिए, हीनता हो या कोई और नकारात्मक भावना, तुम्हें लोगों की उन टिप्पणियों की सही समझ होनी चाहिए जिनके कारण यह भावना पैदा होती है। सबसे पहले, तुम्हें समझ लेना चाहिए कि वे टिप्पणियाँ गलत हैं; चाहे ये तुम्हारी काबिलियत, प्रतिभा या तुम्हारे चरित्र के बारे में हों, तुम्हारे बारे में किए गए उनके सभी आकलन और निष्कर्ष गलत होते हैं। तो फिर तुम स्वयं का सही आकलन कैसे कर सकते हो, खुद को कैसे जान सकते हो और हीनभावना के भाव से कैसे मुक्त हो सकते हो? तुम्हें स्वयं के बारे में जानने के लिए—यह जानने की कोशिश में कि तुम्हारी मानवता, तुम्हारी काबिलियत और प्रतिभाएँ क्या हैं और तुममें कौन-सी खूबियाँ हैं, परमेश्वर के वचनों को आधार बनाना चाहिए। ... ऐसी स्थिति में, तुम्हें सही आकलन करना चाहिए, और परमेश्वर के वचनों के अनुसार खुद को सही मापना चाहिए। तुमने जो सीखा है और जिसमें तुम्हारी खूबियाँ हैं, उसे तय करना चाहिए और वह काम करना चाहिए जिसे करने में तुम सक्षम हो; वे काम जो तुम नहीं कर सकते, तुम्हारी जो कमियाँ और खामियाँ हैं, उनके बारे में आत्म-चिंतन कर उन्हें जानना चाहिए, तुम्हें इसका एक सटीक आकलन और ज्ञान भी होना चाहिए कि तुम्हारी काबिलियत क्या है, यह अच्छी है या खराब। अगर तुम अपनी समस्याओं को नहीं समझ सकते या उनका स्पष्ट ज्ञान नहीं पा सकते हो तो फिर अपने आसपास के उन लोगों से पूछो जिनमें तुम्हारा आकलन करने की समझ है। उनकी बातें सही हों या न हों, उनसे कम-से-कम तुम्हें एक संदर्भ मिल जाएगा जो तुम्हें इस योग्य बनाएगा कि स्वयं के बारे में बुनियादी निर्णय या निरूपण कर सको। फिर तुम इस नकारात्मक भावना—तुम्हारी हीनता की भावना—की बुनियादी समस्या को सुलझा सकते हो और धीरे-धीरे इससे उबर सकते हो। हीनता की भावना को सुलझाना आसान है अगर कोई इसका भेद पहचान ले, इसके प्रति जागरूक हो जाए और सत्य खोजे(वचन, खंड 6, सत्य के अनुसरण के बारे में, सत्य का अनुसरण कैसे करें (1))। परमेश्वर के वचन पढ़ने के बाद, मुझे अपनी हीनता की भावनाओं को छोड़ने का रास्ता मिल गया। वह था परमेश्वर के वचनों के आधार पर अपना सही और निष्पक्ष रूप से मूल्यांकन करना। मैं लगातार इन पुरानी यादों में डूबी नहीं रह सकती थी, अतीत के सायों और दूसरों के मेरे बारे में गलत मूल्यांकनों से विवश नहीं रह सकती थी, यहाँ तक कि इन चीज़ों को अपने विचारों और जीवन को नियंत्रित करने नहीं दे सकती थी। मुझे परमेश्वर के वचनों के अनुसार खुद को मापना और मूल्यांकन करना चाहिए, और अपनी ताकतों और कमजोरियों को सही ढंग से देखना चाहिए। मैं अपने बारे में वस्तुपरक राय बनाने के लिए अपने आस-पास के लोगों के मूल्यांकनों पर भी विचार कर सकती थी। मुझे याद आया कि जिन भाई-बहनों के साथ मैं सहयोग करती थी, वे मेरा मूल्यांकन कैसे करते थे। वे कहते थे कि मेरी काबिलियत ठीकठाक थी, मेरी समझ विकृत नहीं थी, कि स्थितियों का सामना करते समय मेरे पास अपने विचार होते थे और अपने कर्तव्यों में मेरे पास बोझ और जिम्मेदारी की भावना होती थी। मैंने देखा कि यूँ तो मैं बहुत काबिल और चतुर नहीं थी और मुझमें बहुत ऊँची काबिलियत नहीं थी, लेकिन मैं कोई कम काबिलियत या बिना विचारों वाली इंसान नहीं थी। इसके अलावा, भाई-बहन मुझे अंतर्मुखी और बोलने में कमजोर होने के कारण नापसंद नहीं करते थे। बल्कि, जब मैं घबरा जाती थी और स्पष्ट रूप से नहीं बोल पाती थी तो मैं जो कहने की कोशिश कर रही होती थी वे उसे स्पष्ट करने और उसमें जोड़ने में मदद करते थे। इससे मुझे भाई-बहनों के बीच सच्ची मदद महसूस हुई, जिसमें कोई नीचा दिखाना न था और नापसंदगी नहीं थी।

एक दिन मैंने एक अनुभवजन्य लेख में उद्धृत परमेश्वर के वचनों का एक अंश पढ़ा और इसने कुछ हद तक मेरे दिल को रोशन कर दिया, मुझे मेरे अंतर्मुखी व्यक्तित्व की बाधाओं से मुक्त कर दिया। सर्वशक्तिमान परमेश्वर कहता है : “सामान्य मानवता में रहने वाले लोग कई शारीरिक सहज प्रवृत्तियों और शारीरिक आवश्यकताओं से भी प्रतिबंधित होते हैं। ... कभी-कभी लोग भावनाओं और शारीरिक आवश्यकताओं से बेबस हो सकते हैं और कभी-कभी वे शारीरिक प्रवृत्तियों या समय और व्यक्तित्व के प्रतिबंधों के अधीन हो सकते हैं—यह सामान्य और प्राकृतिक है। उदाहरण के लिए, कुछ लोग बचपन से ही काफी अंतर्मुखी होते हैं; वे बात करना पसंद नहीं करते हैं और दूसरों से मेलजोल रखने में उन्हें दिक्कतें आती हैं। यहाँ तक कि तीस या चालीस वर्ष के वयस्क हो जाने के बाद भी वे इस व्यक्तित्व से उबर नहीं पाते हैं : वे अभी भी बोलने में कुशल या संप्रेषण में अच्छे नहीं होते, न ही वे दूसरों के साथ मेलजोल रखने में अच्छे होते हैं। अगुआ बनने के बाद उनके व्यक्तित्व का यह गुण उनके कार्य को कुछ हद तक सीमित और बाधित करता है, और उन्हें अक्सर इसके कारण तनाव और हताशा होती है जिससे वे बहुत बेबस महसूस करते हैं। अंतर्मुखी होना और बात करना पसंद नहीं करना सामान्य मानवता की अभिव्यक्तियाँ हैं। चूँकि ये सामान्य मानवता की अभिव्यक्तियाँ हैं, तो क्या उन्हें परमेश्वर की दृष्टि से अपराध माना जाता है? नहीं, ये अपराध नहीं हैं और परमेश्वर उनके साथ सही तरह से व्यवहार करेगा। चाहे तुम्हारी समस्याएँ, दोष या खामियाँ कुछ भी हों, इनमें से कोई भी चीज परमेश्वर की नजर में मुद्दा नहीं है। परमेश्वर सिर्फ यह देखता है कि तुम किस तरह से सत्य खोजते हो, किस तरह से सत्य का अभ्यास करते हो, किस तरह से सत्य सिद्धांतों के अनुसार कार्य करते हो और सामान्य मानवता की अंतर्निहित स्थितियों के तहत परमेश्वर के मार्ग का पालन करते हो—परमेश्वर इन्हीं चीजों को देखता है(वचन, खंड 7, सत्य के अनुसरण के बारे में, सत्य का अनुसरण कैसे करें (3))। मैं अंतर्मुखी होने और बोलने में कमजोर होने के लिए खुद को हमेशा नापसंद करती थी और मैं अक्सर अपने सहपाठियों और सहकर्मियों द्वारा नीची नजरों से देखी जाती थी और तुच्छ समझी जाती थी, लेकिन परमेश्वर कहता है कि ये चीज़ें सामान्य मानवता की अभिव्यक्तियाँ हैं। मुझे आखिरकार एहसास हुआ कि अंतर्मुखी और बोलने में कमजोर होना गलत नहीं है, और यह कोई शर्मिंदा होने वाली बात नहीं है। किसी व्यक्ति का अंतर्निहित व्यक्तित्व बदला नहीं जा सकता, और परमेश्वर का कार्य यह नहीं है कि वह किसी व्यक्ति के व्यक्तित्व को बदल दे, अंतर्मुखियों को बहिर्मुखी बना दे और जो बोलने में अच्छे नहीं हैं उन्हें वाक्पटु वक्ता बना दे। बल्कि, परमेश्वर का कार्य किसी व्यक्ति के भ्रष्ट स्वभाव को शुद्ध करने और बदलने पर केंद्रित होता है और परमेश्वर सामान्य मानवता के भीतर की कमियों और खामियों की निंदा नहीं करता है। परमेश्वर यह देखता है कि क्या कोई व्यक्ति सत्य का अनुसरण कर सकता है और क्या वह उसके वचनों को सुन सकता है और इनके अनुसार अभ्यास कर सकता है। यह समझकर मैंने अपने अंतर्मुखी व्यक्तित्व या कमजोर वक्तृत्व कौशल से अब और परेशानी महसूस नहीं की और मैं खुद को अब और नापसंद नहीं करती थी। मुझे अपनी कमियों से सही ढंग से निपटना चाहिए और जब मुझे अपनी राय व्यक्त करनी हो, तो मुझे हमेशा यह नहीं सोचना चाहिए, “मैं यह नहीं कर सकती। मैं अंतर्मुखी हूँ और बोलने में खराब हूँ,” और इसके बजाय, मुझे अपनी जिम्मेदारियाँ पूरी करनी चाहिए और सिद्धांतों के अनुसार कार्य करना चाहिए। आगे चलकर मैंने अपने कर्तव्यों में सचेत होकर परमेश्वर के वचनों के अनुसार अभ्यास किया।

बाद में, जब मैं काम के बारे में पूछताछ कर रही थी, तो मैंने देखा कि कुछ भाई-बहन अपने कर्तव्यों में निष्क्रिय थे। मैंने उन्हें प्रोत्साहित करने के बारे में सोचा, लेकिन जब मैं एक संदेश भेजने वाली थी, तो मैं चिंतित हो गई, सोचने लगी, “मुझे यह कैसे कहना चाहिए? क्या वे संदेश पर सक्रिय रूप से प्रतिक्रिया देंगे? अगर वे मुझसे सवाल पूछते हैं और मैं उन्हें ठीक से जवाब नहीं दे पाई, तो कितनी असहज स्थिति हो जाएगी!” इस तरह सोचने पर, मैंने संदेश भेजने की हिम्मत नहीं की। मुझे एहसास हुआ कि मैं एक बार फिर अपनी हीनता की भावनाओं से बँध गई थी। मैंने कुछ दिन पहले पढ़े परमेश्वर के वचनों के बारे में सोचा : “चाहे तुम्हारी समस्याएँ, दोष या खामियाँ कुछ भी हों, इनमें से कोई भी चीज परमेश्वर की नजर में मुद्दा नहीं है। परमेश्वर सिर्फ यह देखता है कि तुम किस तरह से सत्य खोजते हो, किस तरह से सत्य का अभ्यास करते हो, किस तरह से सत्य सिद्धांतों के अनुसार कार्य करते हो और सामान्य मानवता की अंतर्निहित स्थितियों के तहत परमेश्वर के मार्ग का पालन करते हो—परमेश्वर इन्हीं चीजों को देखता है(वचन, खंड 7, सत्य के अनुसरण के बारे में, सत्य का अनुसरण कैसे करें (3))। उस पल, मुझे लगा कि मेरे पास दिशा और रास्ता है। चाहे मेरे भाई-बहन सक्रिय रूप से प्रतिक्रिया दें या न दें, मुझे फिर भी अपनी जिम्मेदारी पूरी करनी चाहिए। इसलिए मैंने उन्हें उनके काम में प्रोत्साहित करने के लिए एक संदेश भेजा। जब उन्होंने मुझसे कुछ सवाल पूछे तो मैं जितना जानती थी मैंने उतना जवाब दिया और इस तरह अभ्यास करने से मुझे सुकून महसूस हुआ। मैंने अनुभव किया कि परमेश्वर के वचन ही वास्तव में इस चीज की दिशा और कसौटी हैं कि लोगों को कैसे कार्य करना चाहिए।

बाद में एक बहन ने मुझे यह चिंतन करने की याद दिलाई : हीनता की भावनाओं से प्रभावित होने के अलावा, कौन-से भ्रष्ट स्वभाव मुझे तब बाधित कर रहे थे जब मैं अपने कर्तव्य में हमेशा निष्क्रिय रहती थी और पीछे हट जाती थी? बहन ने मुझे परमेश्वर के वचनों का एक अंश भेजा और तब जाकर मुझे मेरी हीनता की भावना के पीछे के मूल कारण का एहसास हुआ। सर्वशक्तिमान परमेश्वर कहता है : “परिवार लोगों पर एक-दो कहावतों से नहीं, बल्कि अनेक प्रसिद्ध उद्धरणों और सूक्तियों की शिक्षा के प्रभाव से गहरा असर डालता है। उदाहरण के लिए, क्या तुम्हारे परिवार के बुजुर्ग और माँ-बाप अक्सर इस कहावत का उल्लेख करते हैं, ‘एक व्यक्‍ति जहाँ रहता है वहाँ अपना नाम छोड़ता है, जैसे कि एक हंस जहाँ कहीं उड़ता है आवाज करता जाता है’? (हाँ।) वे तुमसे कह रहे हैं : ‘लोगों को अपनी प्रतिष्ठा की खातिर जीना चाहिए। लोगों को अपने जीवनकाल में एक अच्छी प्रतिष्ठा अर्जित करने और दूसरों के मन पर अच्छी छाप छोड़ने के अलावा और कुछ नहीं खोजना चाहिए। तुम जिससे भी बात करो, उससे मनभावन बातें करो, केवल चापलूसी और दयालुता की बातें करो और उसे नाराज मत करो। इसके बजाय, अच्छी चीजें और नेक क्रियाकलाप और अधिक करो।’ परिवार द्वारा दी गई इस विशेष शिक्षा से लोगों के व्यवहार या आचरण के सिद्धांतों पर एक विशेष स्तर तक प्रभाव पड़ता है, जिसका अपरिहार्य नतीजा यह होता है कि वे शोहरत और लाभ को ज्यादा अहमियत देते हैं। यानी, वे अपनी प्रतिष्ठा, साख, लोगों के मन में बनाई अपनी छवि और वे जो कुछ भी करते हैं और जो भी राय व्यक्त करते हैं उसके बारे में दूसरों के मूल्यांकन को बहुत महत्व देते हैं। लोग प्रसिद्धि और लाभ को बहुत महत्व देते हैं, इसलिए पारंपरिक संस्कृति की उन जानी-मानी कहावतों के शब्द और चीजों से निपटने के सिद्धांत उनके दिलों में एक प्रमुख स्थान ले लेते हैं, यहाँ तक कि उन पर पूरी तरह से कब्ज़ा कर लेते हैं। अनजाने में, वे इस चीज को महत्वहीन समझने लगते हैं कि क्या वे अपना कर्तव्य सत्य और सिद्धांतों के अनुसार निभा रहे हैं और वे तो ऐसे विचारों को पूरी तरह त्याग भी सकते हैं। उनके दिलों में, वे शैतानी फलसफे और पारंपरिक संस्कृति की जानी-मानी कहावतें, जैसे कि—‘एक व्यक्‍ति जहाँ रहता है वहाँ अपना नाम छोड़ता है, जैसे कि एक हंस जहाँ कहीं उड़ता है आवाज करता जाता है,’ विशेष रूप से महत्वपूर्ण बन जाती हैं। ... तुम जो कुछ भी करते हो वह सत्य का अभ्यास करने की खातिर नहीं है, न ही यह परमेश्वर को संतुष्ट करने के लिए है, बल्कि यह सब तुम्हारी प्रतिष्ठा की खातिर है। इस तरह, तुमने जो कुछ भी किया वह अनजाने में क्या बन जाता है? यह एक धार्मिक कार्य बन जाता है। तुम्हारा सार अब क्या बन गया है? तुम फरीसियों का प्रतिरूप बन गए हो। तुम्हारा मार्ग अब क्या बन गया है? यह एक मसीह-विरोधी का मार्ग बन गया है। परमेश्वर इसी तरह इसे निरूपित करता है। तो तुम जो भी करते हो उसका सार बदल गया है, यह अब अलग है; तुम सत्य का अभ्यास या उसका अनुसरण नहीं कर रहे हो, बल्कि तुम शोहरत और लाभ के पीछे भाग रहे हो। आखिरकार, जहाँ तक परमेश्वर का संबंध है, तुम्हारे कर्तव्य का निर्वहन—एक शब्द में कहें तो—मानक स्तर का नहीं है। ऐसा क्यों? ऐसा इसलिए क्योंकि तुम परमेश्वर के आदेश या एक सृजित प्राणी के रूप में अपने कर्तव्य के प्रति समर्पित होने के बजाय, केवल अपनी प्रतिष्ठा के प्रति समर्पित हो। ... इसका कारण यह है कि तुम जो कुछ भी करते हो उसका सार केवल तुम्हारी प्रतिष्ठा की खातिर और सिर्फ इस कहावत को अभ्यास में लाने के लिए होता है कि ‘एक व्यक्‍ति जहाँ रहता है वहाँ अपना नाम छोड़ता है, जैसे कि एक हंस जहाँ कहीं उड़ता है आवाज करता जाता है’—यह सत्य का अनुसरण करना नहीं है। और फिर भी तुम्हें खुद ही यह पता नहीं है। तुम्हें लगता है कि इस कहावत में कुछ भी गलत नहीं है; क्या लोग अपनी प्रतिष्ठा के लिए नहीं जीते हैं? जैसी कि आम कहावत है, ‘एक व्यक्‍ति जहाँ रहता है वहाँ अपना नाम छोड़ता है, जैसे कि एक हंस जहाँ कहीं उड़ता है आवाज करता जाता है।’ यह कहावत बहुत सकारात्मक और उचित लगती है, तो तुम अनजाने में इसकी शिक्षा के प्रभाव को स्वीकार कर लेते हो और इसे एक सकारात्मक चीज मानते हो। इस कहावत को एक सकारात्मक चीज मानने के बाद तुम अनजाने में इसका अनुसरण और अभ्यास कर रहे होते हो। इसी के साथ, तुम अनजाने में और भ्रमित होकर इसे सत्य की कसौटी मान लेते हो। जब तुम इसे सत्य की कसौटी मान लेते हो तो तुम अब और यह नहीं सुन सकते कि परमेश्वर क्या कहता है, न ही तुम इसे समझ सकते हो। तुम आँख बंद करके इस आदर्श वाक्य को अभ्यास में लाते हो कि ‘एक व्यक्‍ति जहाँ रहता है वहाँ अपना नाम छोड़ता है, जैसे कि एक हंस जहाँ कहीं उड़ता है आवाज करता जाता है,’ और इसके अनुसार कार्य करते हो, जिससे अंत में तुम अच्छी प्रतिष्ठा पा लेते हो। तुम जो चाहते थे अब वह तुम्हें मिल गया है, पर ऐसा करके तुमने सत्य का उल्लंघन और सत्य का त्याग किया है, और बचाए जाने का अवसर भी गँवा दिया है(वचन, खंड 6, सत्य के अनुसरण के बारे में, सत्य का अनुसरण कैसे करें (12))। परमेश्वर के वचनों से, मुझे एहसास हुआ कि मुझ पर हमेशा “एक व्यक्‍ति जहाँ रहता है वहाँ अपना नाम छोड़ता है, जैसे कि एक हंस जहाँ कहीं उड़ता है आवाज करता जाता है” वाली सोच का गहरा असर रहा है, और यह कि मैंने हमेशा अपनी प्रतिष्ठा को बहुत महत्व दिया है, इस बात की बहुत परवाह की है कि दूसरे मेरे बारे में क्या सोचेंगे। मैं बस एक कठपुतली की तरह थी, अभिमान और रुतबे से बँधी हुई थी। मैंने इस बारे में सोचा कि कैसे पर्यवेक्षक का मुझे टीम अगुआ बनाना वास्तव में मेरे लिए प्रशिक्षण का एक बड़ा अवसर था। जब मैं भाई-बहनों के साथ मिलकर संवाद करती थी और सीखती थी, यह मेरे लिए अपनी कमी की भरपाई का भी एक अच्छा अवसर था। अगर मेरे दृष्टिकोण गलत होते तो भाई-बहन विचलन दुरुस्त करने में मेरी मदद कर सकते थे। लेकिन मैं अपने अभिमान से हमेशा बाधित रही और जब मैं देखती थी कि बहुत सारे लोग मौजूद हैं और मुझे अपने विचार साझा करने होते थे तो मेरी पहली प्रतिक्रिया हमेशा यही होती थी, “मैं यह नहीं कर सकती हूँ।” मुझे इस बात का डर था कि मैं अपनी कमियाँ उजागर कर दूँगी और भाई-बहन मेरे बारे में गलत छवि बना लेंगे और मुझे नीची नजर से देखेंगे। नतीजतन, मैं वह नहीं कहती थी जो कहा जाना चाहिए था और उन जिम्मेदारियों को पूरा नहीं करती थी जो मुझे पूरी करनी चाहिए थीं, इस चीज ने मुझे अपने कर्तव्य निभाने में बहुत ही निष्क्रिय बना दिया। मैं अपने व्यक्तिगत अभिमान और रुतबे को बहुत अधिक महत्व देती थी। अपने अभिमान और रुतबे की रक्षा के लिए मैंने सत्य का अभ्यास करने और अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करने के कई अवसर गँवा दिए, और मैंने पवित्र आत्मा के कार्य को प्राप्त करने के बहुत सारे मौके खो दिए। मुझे सचेत होकर सत्य का अभ्यास करना था और अपने अभिमान या रुतबे के लिए अब और नहीं जीना था।

बाद में कार्य की जरूरतों के कारण मुझे दूसरी टीम में अपने कर्तव्य निभाने थे और टीम अगुआ ने मुझसे भाई-बहनों के काम की पूछताछ करने और समूह की सभाओं की अगुआई करने को कहा। मैंने मन में सोचा, “मैं बोलने में अच्छी नहीं हूँ। अगर मैं चीजों को स्पष्ट रूप से नहीं समझाती हूँ और भाई-बहनों की समझ में नहीं आता है तो क्या यह लोगों को मुझे नीची नजरों से नहीं दिखवाएगा?” मैं थोड़ी घबराई हुई और बेचैन महसूस करने लगी। लेकिन मुझे एहसास हुआ कि परमेश्वर ने इस कर्तव्य को मुझ पर आने दिया ताकि मुझे एक बोझ मिले, और मुझे और अधिक प्रशिक्षण मिल सके। इसलिए, मैंने यह कर्तव्य स्वीकार कर लिया। शुरुआत में जब मैंने भाई-बहनों के साथ सभा की तो मैंने अपनी सहयोगी के साथ मिलकर संचालन किया और मैं संगति करने से पहले अभी भी घबराई हुई थी, इस बात की चिंता कर रही थी कि अगर मैंने अच्छी तरह से संगति नहीं की, तो भाई-बहन मुझे नीची नज़रों से देखेंगे। लेकिन जब मैंने सोचा कि यह मेरा कर्तव्य है, तो मुझे जिम्मेदारी का एहसास हुआ, और मैं साहसपूर्वक संगति कर सकी। यूँ तो मैं संगति के दौरान अभी भी घबराई हुई थी, लेकिन कुछ सभाओं के बाद मैंने पाया कि जब मैंने परमेश्वर के वचनों पर ध्यान से विचार किया, तो संगति करते समय मैं उतनी घबराई हुई नहीं थी। मैंने इस बात की बहुत ज़्यादा परवाह नहीं की कि मेरी संगति अच्छी थी या बुरी, और मैंने कहीं अधिक सहज महसूस किया। मैं जो यह थोड़ा-सा भी बदलाव ला सकी, वह परमेश्वर के वचनों के मार्गदर्शन का ही नतीजा था। परमेश्वर का धन्यवाद!

पिछला: 30. मेरे बेटे के लिए मेरी उम्मीदें टूटने के बाद

अगला: 32. क्या यह विचार कि “एक महिला अपने कद्रदान के लिए खुद को सजाती-सँवारती है” सही है?

परमेश्वर के बिना जीवन कठिन है। यदि आप सहमत हैं, तो क्या आप परमेश्वर पर भरोसा करने और उसकी सहायता प्राप्त करने के लिए उनके समक्ष आना चाहते हैं?

संबंधित सामग्री

8. सर्वशक्तिमान परमेश्वर ने मुझे शुद्धिकरण प्राप्त करने का मार्ग दिखाया

लेखक: गांगकियांग, अमेरिकामैं रोज़ी-रोटी कमाने के इरादे से 2007 में अपने दम पर सिंगापुर आया। सिंगापुर का मौसम साल-भर गर्म रहता है। ड्यूटी के...

21. अफ़वाहों के फन्‍दे से आज़ादी

शिआओयुन, चीनमैं सेना की एक स्‍त्री अधिकार हुआ करती थी! 1999 में एक दिन एक पादरी ने मुझे प्रभु यीशु के सुसमाचार का उपदेश दिया। मेरे संजीदा...

45. खोया फिर पाया

लेखिका: शियेली, अमेरिकामैं एक खुशनुमा शानदार जीवन-स्तर की तलाश में अमेरिका आया। शुरू के कुछ सालों में तो काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा,...

परमेश्वर का प्रकटन और कार्य परमेश्वर को जानने के बारे में अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन मसीह-विरोधियों को उजागर करना अगुआओं और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियाँ सत्य के अनुसरण के बारे में सत्य के अनुसरण के बारे में न्याय परमेश्वर के घर से शुरू होता है अंत के दिनों के मसीह, सर्वशक्तिमान परमेश्वर के अत्यावश्यक वचन परमेश्वर के दैनिक वचन सत्य वास्तविकताएं जिनमें परमेश्वर के विश्वासियों को जरूर प्रवेश करना चाहिए मेमने का अनुसरण करो और नए गीत गाओ राज्य का सुसमाचार फ़ैलाने के लिए दिशानिर्देश परमेश्वर की भेड़ें परमेश्वर की आवाज को सुनती हैं परमेश्वर की आवाज़ सुनो परमेश्वर के प्रकटन को देखो राज्य के सुसमाचार पर अत्यावश्यक प्रश्न और उत्तर मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 1) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 2) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 3) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 4) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 5) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 6) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 7) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 8) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 9) मैं वापस सर्वशक्तिमान परमेश्वर के पास कैसे गया

सेटिंग

  • इबारत
  • कथ्य

ठोस रंग

कथ्य

फ़ॉन्ट

फ़ॉन्ट आकार

लाइन स्पेस

लाइन स्पेस

पृष्ठ की चौड़ाई

विषय-वस्तु

खोज

  • यह पाठ चुनें
  • यह किताब चुनें

WhatsApp पर हमसे संपर्क करें